राष्ट्रीय युवा दिवस पर कैंट बोर्ड की मिनी मैराथन

राष्ट्रीय युवा दिवस पर बरेली कैंट बोर्ड की मिनी मैराथन में 872 धावकों ने भाग लिया, फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर कैंट बोर्ड की मिनी मैराथन
HIGHLIGHTS:

➡️ राष्ट्रीय युवा दिवस पर कैंट बोर्ड की मिनी मैराथन
➡️ 13 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 872 धावकों ने लिया भाग
➡️ फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
➡️ कई जिलों से पहुंचे प्रतिभागी, दिखा जबरदस्त उत्साह

जन माध्यम
बरेली।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद की ओर से रविवार को मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। कैंट स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह प्रतिभागियों का एकत्रीकरण हुआ, जिसके बाद कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मेजर गगनदीप सिंह और कैंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मीडिया को जानकारी देते हुए सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि छावनी परिषद द्वारा यह मिनी मैराथन विकसित भारत–2047 और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित की गई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है, ताकि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकें।

इस मिनी मैराथन में 13 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कुल 872 धावकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को तीन आयु वर्ग—13 से 18 वर्ष, 19 से 40 वर्ष और 41 से 60 वर्ष—में महिला व पुरुष श्रेणी में विभाजित किया गया। पांच किलोमीटर लंबी इस दौड़ में सेना के अधिकारी और जवान, पुलिस कर्मी तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मैराथन में बरेली के अलावा शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर सहित अन्य जिलों और मंडलों से भी प्रतिभागी पहुंचे, जिससे आयोजन का दायरा और महत्व और बढ़ गया।

सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि दौड़ की शुरुआत मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से हुई। मार्ग युगवीणा चौक, पहलवान बाबा मंदिर, बिशप सीनियर सेकेंडरी चौक, कारगिल चौक, शहीद चौक, गेस्ट हाउस, सोल्डर चौक, पहलवान बाबा चौक और युगवीणा चौक से होते हुए पुनः स्टेडियम पर ही समाप्त हुआ।

मिनी मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 2,500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1,500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित इस मैराथन ने न केवल युवाओं में फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।