जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी नेताओं ने बरेली में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
सपा नेताओं ने छात्रों की शिक्षा और भविष्य का हवाला देते हुए पुनर्विचार की अपील की।
जन माध्यम
बरेली। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर प्रस्तावित कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान, सपा जिलाध्यक्ष सुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह, डॉ. अनीस बेग और प्रमोद यादव सहित अन्य नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के 40 भवनों में से 38 भवनों को अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है।
सपा नेताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय में हजारों छात्र-छात्राएं विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं। यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होती है तो उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से पहले विद्यार्थियों के हितों और उनके भविष्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नेताओं ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के निर्माण में बड़ी धनराशि खर्च हुई है, इसलिए सरकार को इस मामले में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए पुनर्विचार करना चाहिए।
समाजवादी पार्टी ने राज्यपाल से प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश जारी कर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की, ताकि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके।
प्रदर्शन में आरिफ कुरैशी, गौरव सक्सेना, विधायक सहजिल इस्लाम, राजेश अग्रवाल, अगम मौर्य, मनोहर पटेल, इंद्रपाल सिंह, हसनैन खां, अवनेश कुमार, संजीव कुमार सक्सेना, भद्रसेन गंगवार, जोगेंद्र सिंह, अशोक यादव, जितेंद्र, पीयूष वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।