आध्यात्मिक शिविर में जागरण की खोज
बरेली में थर्ड आई एक्टिवेशन शिविर जारी, प्रतिभागियों को ध्यान और आत्मिक विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
थर्ड आई एक्टिवेशन शिविर का आयोजन
तीन दिवसीय कार्यक्रम 14 अप्रैल तक जारी
ध्यान और मानसिक एकाग्रता पर जोर
देशभर से प्रतिभागियों की भागीदारी
जन माध्यम
बरेली। जब भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून की तलाश गहराती है, तब इंसान अपने भीतर झांकने की कोशिश करता है। इसी तलाश को दिशा देने के लिए पीलीभीत बाईपास स्थित एक होटल में “थर्ड आई एक्टिवेशन” नामक तीन दिवसीय आध्यात्मिक शिविर का आयोजन किया गया है।
गुरु माँ डॉ. सुरभि शर्मा के निर्देशन में शुरू हुए इस शिविर का आज दूसरा दिन रहा, जबकि यह कार्यक्रम 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। शिविर में बरेली समेत विभिन्न जिलों और अन्य स्थानों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ध्यान, आत्म विकास और मानसिक एकाग्रता से जुड़े विभिन्न अभ्यास कराए गए। गुरु माँ डॉ. सुरभि शर्मा ने बताया कि “थर्ड आई एक्टिवेशन प्रोग्राम” एक विशेष आध्यात्मिक प्रशिक्षण है, जिसका उद्देश्य व्यक्ति की आंतरिक चेतना और आत्मिक शक्ति को जागृत करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण में ध्यान, ऊर्जा संतुलन और गुरु के माध्यम से शक्तिपात जैसी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया जाता है, जिससे व्यक्ति अपने भीतर की ऊर्जा को पहचान सके और उसे सकारात्मक दिशा में प्रयोग कर सके।
शिविर में यह भी बताया गया कि इन अभ्यासों के जरिए व्यक्ति अपनी मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है। साथ ही जीवन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अधिक एकाग्र और सजग बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत कुछ विशेष अनुभव, जैसे बिना बोले संवाद करना या वस्तुओं पर प्रभाव डालना, प्रतिभागियों के आकर्षण का केंद्र बने रहे, जिन्हें आयोजकों ने व्यक्तिगत आध्यात्मिक अनुभव के रूप में बताया।
आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास की दिशा में प्रेरित करना है, ताकि वे अपने जीवन को बेहतर बना सकें।
इस शिविर में पूनम गुप्ता, रवि प्रकाश (कनाडा), डॉ. गीता चौहान (रुद्रपुर), राकेश राजपूत, जया, आदित्य (फर्रुखाबाद), देवेश यादव (बदायूं), राजीव वर्मा (गजरौला), डॉ. भुवनेश (जौनपुर), प्रीति शर्मा (जयपुर), अवनि आर्य, कीर्ति स्वरूप, नीता यादव, मनमोहन गुप्ता, गरिमा सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, अनीता सिंह, पूजा मित्तल, अंजना अग्रवाल, अभिषेक मिश्रा, अक्षत मिश्रा, सुशील सोनी, आयुष सक्सेना, रीता सिंघल, निधि अग्रवाल, प्रीति मिश्रा, उषा खंडेलवाल सहित अनेक प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।