नशीली दवाओं के साथ पिता-पुत्र समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
1. नशीली दवाई बरामद, भेजा जेल
बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इज्जतनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद की गई है।
रविवार को इज्जतनगर पुलिस ने उधमसिंह नगर के किच्छा निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, इज्जतनगर के कर्मचारी नगर निवासी इंद्रदेव गंगवार और उनके बेटे ऋषभ को मिनी बाईपास स्थित निर्माणाधीन बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 625 एविल इंजेक्शन, 33 पत्ते एलप्रासैफ टैबलेट, 3 पत्ते क्लोनाजेपम और 6,250 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए मादक पदार्थों की थोक में खरीदारी कर फुटकर बिक्री करते थे। वे इन दवाओं को दोगुने दामों में बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर इज्जतनगर विजेंद्र सिंह, दरोगा सतीश कुमार, दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, सर्वेश कुमार और कांस्टेबल रोहताश शामिल रहे।