बरेली में बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हत्या
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की सोते समय लोहे की रॉड से हत्या, पत्नी पर साजिश का शक, पुलिस जांच में जुटी।
➡️ सिरौली थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा में बुजुर्ग की हत्या
➡️ रात में सोते समय सिर पर लोहे की रॉड से हमला
➡️ चारपाई पर खून से लथपथ मिला शव
➡️ पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप
➡️ मोबाइल बरामद, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया की जांच
जन माध्यम | बरेली।
बरेली के थाना सिरौली क्षेत्र के गांव भूड़ा में शनिवार रात एक बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय सुरेश पाल के रूप में हुई है, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक के भाई चंद्रपाल ने बताया कि सुरेश शनिवार शाम खेत से काम करके घर लौटे थे। बच्चों के साथ भोजन करने के बाद वह अपने बिस्तर पर सोने चले गए, जबकि घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोते समय सुरेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना सुरेश की पत्नी ममता ने फोन पर चंद्रपाल को दी। सूचना मिलते ही चंद्रपाल मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुरेश चारपाई पर रजाई में ढके खून से लथपथ पड़े थे, जबकि उनकी पत्नी पास में बैठी हुई थी। रजाई हटाने पर सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले और सुरेश की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन, पत्नी और भाई से पूछताछ शुरू की है। मोबाइल को कब्जे में लेकर कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
मृतक के भाई चंद्रपाल ने अपनी भाभी ममता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुरेश की शादी देर से हुई थी और पत्नी की उम्र उनसे काफी कम थी। उन्होंने आशंका जताई कि किसी कथित प्रेम-प्रसंग के चलते पत्नी ने अपने किसी परिचित के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।