वेटरन्स दिवस पर वीरों का सम्मान

बरेली में दशम वेटरन्स दिवस पर डीएम की अध्यक्षता में वीरनारियों और शौर्य पदक विजेताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और कृतज्ञता का भाव दिखा।

वेटरन्स दिवस पर वीरों का सम्मान
HIGHLIGHTS:

➡️ दशम वेटरन्स दिवस पर गरिमामय आयोजन
➡️ डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समारोह
➡️ वीरनारियों और पदक विजेताओं का सम्मान
➡️ शौर्य चक्र व सेना मेडल विजेता हुए सम्मानित

जन माध्यम 
बरेली।
बुधवार को  दशम वेटरन्स दिवस के अवसर पर जनपद में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के सम्मान में एक गरिमामय और भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आयोजित इस समारोह में वीरनारियों तथा वीरता एवं विशिष्ट पदक विजेताओं का भव्य अभिनन्दन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि राष्ट्र अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के बलिदान का कर्ज कभी नहीं उतार सकता। उन्होंने कहा कि बरेली प्रशासन पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की सहायता के लिए हर समय तत्पर है। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि उनके कार्यालय और आवास के द्वार पूर्व सैनिकों के लिए सदैव खुले हैं और किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए वे बिना संकोच संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर वीरनारियों ऊषा रानी, पंकज, उमा पाण्डेय, सुहागा देवी, संतोष कुमारी, सुनीता शर्मा, सुशीला तथा अनूप कुमार खन्ना को सम्मानित किया गया। वहीं वीरता एवं विशिष्ट पदक विजेताओं में हवलदार गंगा सहाय (शौर्य चक्र), आर्नरी फ्लाइंग ऑफिसर सोहन लाल पाल  वायु सेना मेडल नायक धारा सिंह  सेना मेडल, और नायक ओमपाल सेना मेडल, को शाल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वीरनारियों की आंखों में गर्व और आंखें नम थीं, वहीं पदक विजेता सैनिकों के चेहरे देशभक्ति के जज्बे से दमक रहे थे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खड़े होकर वीर सपूतों को नमन किया।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर सतीश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। पूरा वातावरण देशभक्ति, सम्मान और कृतज्ञता की भावना से ओतप्रोत रहा।