हज उमराह के नाम पर 33.5 लाख की ठगी का आरोप

बरेली में हज उमराह के नाम पर 33.5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। दिल्ली के एजेंटों पर 154 जायरीन की बुकिंग और सिक्योरिटी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है।

हज उमराह के नाम पर 33.5 लाख की ठगी का आरोप
बरेली में हज उमराह के नाम पर 33.5 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया। तस्वीर में जन्नत हज उमराह प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा प्रमाण पत्र दिखाया गया है।
HIGHLIGHTS:

154 जायरीन की बुकिंग के नाम पर 33.5 लाख की ठगी का आरोप

दिल्ली के एजेंटों पर सिक्योरिटी के नाम पर रकम लेने का आरोप

पीड़ित कारोबारी ने थाना किला में दी तहरीर

पुलिस मामले की जांच में जुटी

हसीन दानिश। जन माध्यम

बरेली। थाना किला क्षेत्र के मलूकपुर निवासी कारोबारी मोहम्मद आलमगीर ने दिल्ली के कुछ लोगों पर हज-उमराह के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना किला पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

आलमगीर का कहना है कि वह अपनी बहन के नाम से “जन्नत हज उमराह प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी संचालित करते हैं। आरोप है कि दिल्ली निवासी मोबीन, अनस और उनके साथियों ने कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने के बहाने उनसे संपर्क किया। पीड़ित के मुताबिक, उनके आफिस में झाड़ू-पोछा का काम करने वाले जुनैद ने दोनों पक्षों की मुलाकात कराई थी।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए बेरोजगारी और पुराने संबंधों का हवाला देकर विश्वास जीता। इसके बाद 2 अक्टूबर 2024 को दिल्ली में फ्रेंचाइजी ऑफिस की ओपनिंग कराई गई, जिसमें आलमगीर भी शामिल हुए और शुरुआती खर्च के रूप में करीब 50 हजार रुपये लगाए।

पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत में कारोबार सामान्य तरीके से चलता दिखाई दिया, लेकिन 12, 13 और 14 जनवरी 2026 को 154 लोगों की हज-उमराह बुकिंग के नाम पर बड़ा खेल कर दिया गया। आरोप है कि मोबीन और उसके साथियों ने यात्रियों को कंपनी की वैधता दिखाने और “सिक्योरिटी” का हवाला देकर 34 लाख रुपये का चेक ले लिया। बाद में पूरे मामले में कथित फर्जीवाड़ा सामने आया।

आलमगीर ने आरोप लगाया कि यह पूरा षड्यंत्र सुनियोजित तरीके से रचा गया, जिसमें धार्मिक यात्रा और लोगों की आस्था को भी मोहरा बनाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी मोबीन पर हीरे की स्मगलिंग जैसे गंभीर आरोप भी पहले से चर्चा में रहे हैं।

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि हज और उमराह जैसे पाक सफर के नाम पर इस तरह की घटनाएं न केवल आर्थिक अपराध हैं बल्कि धार्मिक भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ हैं।

फिलहाल थाना किला पुलिस मामले की जांच में जुटी है।