जहरखुरानी का शिकार बने मजदूर की इलाज के दौरान मौत
बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर जहरखुरानी का शिकार बने पंजाब निवासी मजदूर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी।
➡️ बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात
➡️ पंजाब के जलालाबाद निवासी मजदूर धनश्याम की इलाज के दौरान मौत
➡️ मोबाइल, नकदी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हुए जहरखुरान
जन माध्यम
बरेली। पंजाब के जलालाबाद जिले के थाना शहर नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव रायगढ़ निवासी 49 वर्षीय मजदूर धनश्याम की जहरखुरानी का शिकार होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बरेली सिटी रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है, जहां जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मृतक के साले ने जिला अस्पताल बरेली की मोर्चरी पर जानकारी देते हुए बताया कि धनश्याम दो दिन पूर्व फिरोजपुर से ट्रेन के जरिए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेली सिटी स्टेशन पर जहरखुरानों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर जीआरपी पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान ठंड लगने और हालत गंभीर होने के कारण उनकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पत्नी प्रेम देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि धनश्याम फिरोजपुर स्थित एक राइस मिल फैक्ट्री में काम करते थे और छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। जहरखुरानों ने उनका मोबाइल फोन, नकदी समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया और उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।