प्रदेश में अव्वल,डीआईजी का कमाल
डीआईजी अजय कुमार साहनी की सख़्त मॉनिटरिंग और पारदर्शी व्यवस्था से बरेली परिक्षेत्र ने जनसुनवाई समाधान प्रणाली में फिर प्रदेश में पहला स्थान पाया। टीमवर्क और जवाबदेही से पुलिस ने जनता का भरोसा जीता।
➡️ डीआईजी अजय साहनी की सख़्त मॉनिटरिंग का असर
➡️ बरेली परिक्षेत्र जनसुनवाई प्रणाली में फिर अव्वल
➡️ टीमवर्क और जवाबदेही से बढ़ा जनता का भरोसा
➡️ पारदर्शी सिस्टम ने बदली पुलिस की छवि
➡️ पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली — सभी का शानदार प्रदर्शन
➡️ डीआईजी ने बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया
➡️ लगातार अव्वल रहकर बरेली बना प्रदेश के लिए मिसाल
जनसुनवाई समाधान प्रणाली में लगातार अव्वल, टीमवर्क और जवाबदेही से पुलिस ने जीता जनता का भरोसा
जन माध्यम
बरेली। डीआईजी अजय कुमार साहनी की दूरअंदेशी सोच, सख़्त निगरानी और ईमानदार कार्यशैली की वजह से बरेली परिक्षेत्र ने एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना ली है। शासन की जनसुनवाई समाधान प्रणाली आईजीआरएस की अक्टूबर माह की रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने पूरे प्रदेश में पहला मुकाम हासिल किया है। यह कामयाबी कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि डीआईजी साहनी की लगन, पारदर्शी सिस्टम और जनता की फरियादों को गंभीरता से सुनने का नतीजा है।
बरेली परिक्षेत्र कई महीनों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है और हर बार प्रथम स्थान पाकर प्रदेश में अपनी मज़बूत पकड़ बनाए हुए है। यह लगातार कामयाबी इस बात का सुबूत है कि डीआईजी साहनी की रहनुमाई में पुलिस महकमा टीमवर्क और जवाबदेही के साथ जनता की सेवा में जुटा हुआ है।
अक्टूबर की रैंकिंग में परिक्षेत्र के चारों ज़िलों ने उम्दा प्रदर्शन किया पीलीभीत ने प्रदेश में पहला स्थान, बदायूं ने 34वां, शाहजहांपुर ने 49वां, और बरेली ने 65वां स्थान हासिल किया। यह सामूहिक उपलब्धि बताती है कि परिक्षेत्र में हर जनपद एक दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने हर थाने और परिक्षेत्र कार्यालय में आईजीआरएस शिकायत प्रणाली की निगरानी को अपनी पहली तरजीह दी है। वह रोज़ाना अलग-अलग जिलों से आने वाली शिकायतों की ख़ुद समीक्षा करते हैं और यह यक़ीनी बनाते हैं कि किसी भी फरियादी की शिकायत फाइलों में दबकर न रह जाए। इसी सख़्त मॉनिटरिंग की बदौलत सैकड़ों शिकायतों का निपटारा तय समय में हुआ, जिससे जनता का भरोसा पुलिस पर और मज़बूत हुआ है।
जिले के सुभाषनगर, बारादरी, कैंट, भोजीपुरा, नवाबगंज, सीबीगंज, प्रेमनगर, फतेहगंज पश्चिमी, शीशगढ़, शाही, देवरनिया जैसे कई थानों ने शानदार काम किया है। वहीं, परिक्षेत्र के बाकी ज़िले पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर ने भी उम्दा प्रदर्शन कर पूरी टीम की मेहनत को सोने पर सुहागा बना दिया।बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को डीआईजी साहनी ने सराहा और उन्हें इनाम देने का ऐलान भी किया है। उन्होंने आईजीआरएस प्रभारी उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नक़द इनाम और प्रशस्ति पत्र देने का आदेश दिया है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा, यह कामयाबी पूरी टीम की मेहनत और जनता के भरोसे का नतीजा है। हमारा मकसद सिर्फ रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि हर फरियादी को इंसाफ़ देना और उसकी बात को पूरी संजीदगी से सुनना है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन थानों का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा, वहां सुधार के लिए सख़्त कदम उठाए जाएंगे।
परिक्षेत्र की यह लगातार मिल रही कामयाबी आज पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन चुकी है। लगातार अव्वल रहकर डीआईजी साहनी ने यह साबित कर दिया है कि अगर रहनुमाई ईमानदार हो, नीयत साफ़ हो और सिस्टम पारदर्शी हो तो कामयाबी यक़ीनी है।
जनसुनवाई समाधान प्रणाली में लगातार पहला स्थान हासिल कर परिक्षेत्र ने न सिर्फ़ पुलिस की साख़ बढ़ाई है बल्कि शासन के पुलिस जनता के दरवाज़े तक के वादे को सच्चाई में बदल दिया है।