नकाबपोश बदमाशों ने महिला के कान से सोने के कुंडल नोचे

शीशगढ़ के नवाबनगर में चोरी के इरादे से घर में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला के कानों से सोने के कुंडल नोच लिए। पुलिस ने छिनैती का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

नकाबपोश बदमाशों ने महिला के कान से सोने के कुंडल नोचे
HIGHLIGHTS:

नवाबनगर में दीवार फांदकर घर में घुसे दो नकाबपोश बदमाश।

शोर मचाने पर महिला को कुछ सुंघाने के बाद कानों से कुंडल नोचने का आरोप।

पति की तहरीर पर पुलिस ने चोरी के मुकदमे को छिनैती में परिवर्तित किया।

जन माध्यम
बरेली शीशगढ़।
कस्बे के मोहल्ला नवाबनगर में सोमवार की रात चोरी के इरादे से घर में घुसे दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल नोचकर फरार हो गए। पीड़ित के पति की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले में छिनैती का मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित नासिर पुत्र मोहम्मद अहमद के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे दो नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे। दीवार फांदते समय कुछ हिस्सा ढहने की आवाज से उनकी पत्नी चांद वी की आंख खुल गई। बदमाशों को घर में देखकर उन्होंने शोर मचाया।

आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने महिला को कुछ सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गईं। इसके बाद दोनों बदमाश उनके कानों से करीब एक तोला वजन के सोने के कुंडल नोचकर मुख्य दरवाजे से फरार हो गए। नासिर ने बताया कि उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।

इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पति ने पहले चोरी की तहरीर दी थी, जिस पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में कुंडल नोचने की तहरीर मिलने पर मुकदमे को छिनैती में परिवर्तित कर दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।