बरेली में शिक्षामित्र के पति ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र में शिक्षामित्र के पति ने घरेलू क्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, पुलिस जांच में जुटी

बरेली में शिक्षामित्र के पति ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
HIGHLIGHTS:

घरेलू क्लेश में युवक ने दी जान

पत्नी के स्कूल से लौटने पर हुआ खुलासा

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

परिवार में मचा कोहराम

जन माध्यम

बरेली। एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर के भीतर ही एक दर्दनाक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। थाना सुभाष नगर क्षेत्र के करगैना स्थित गंगानगर कॉलोनी में 42 वर्षीय राजकुमार ने घरेलू कलह के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार राजकुमार गिरी, पुत्र अमृता लाल, पेशे से ड्राइवर था और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसकी पत्नी नीलम दीक्षित शिक्षामित्र है। दोनों ने करीब 15 साल पहले प्रेम विवाह किया था और गंगानगर कॉलोनी में रह रहे थे।

बताया गया कि बुधवार को नीलम स्कूल गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि राजकुमार कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजकुमार की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।