तेज रफ्तार ने छीनी चार जिंदगियां
बरेली के सीबीगंज में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो टैंकर से टकराई, 4 लोगों की मौके पर मौत, कई घायल।
बोलेरो टैंकर में घुसी, भीषण टक्कर
4 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत
कई घायल, अस्पताल में भर्ती
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जन माध्यम
बरेली। एक पल की तेज रफ्तार कैसे जिंदगी छीन लेती है, इसका खौफनाक मंजर रविवार को बड़ा बाईपास पर देखने को मिला, जहां चीख-पुकार और तबाही का दृश्य हर किसी को झकझोर गया।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार बेहद तेज थी। चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधे टैंकर में जा घुसा। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीखें दूर तक सुनाई देने लगीं।
इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस भी तुरंत पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
हादसे में एक युवक बोलेरो के अंदर बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कटर और अन्य उपकरणों की मदद से वाहन को काटकर उसे बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है क्या सड़क पर लापरवाही की कीमत यूं ही जान देकर चुकानी पड़ेगी, या अब भी लोग संभलेंगे?
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों की आंखों में वही सवाल है आखिर कब थमेगी तेज रफ्तार की यह मौत?