ब्रज उत्सव में बच्चों ने सीखे गौ सेवा के संस्कार

संस्कार किड्स किंगडम की दोनों शाखाओं में ब्रज उत्सव मनाया गया। बच्चों ने कृष्ण स्वरूपों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और गौ सेवा का संकल्प लिया।

ब्रज उत्सव में बच्चों ने सीखे गौ सेवा के संस्कार
HIGHLIGHTS:

संस्कार किड्स किंगडम की जनकपुरी और बदायूं रोड शाखा में मनाया गया ब्रज उत्सव।

बच्चों ने ब्रज संस्कृति के विभिन्न स्वरूपों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

अभिभावकों ने बच्चों से प्रतिदिन गाय को एक रोटी देने और पॉलीथिन में भोजन न फेंकने का संकल्प लिया।

जन माध्यम
बरेली।
संस्कार किड्स किंगडम की जनकपुरी और बदायूं रोड स्थित दोनों शाखाओं में ब्रज उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों ने ब्रजभूमि की संस्कृति के विभिन्न स्वरूप धारण कर उनसे जुड़े पात्रों और आपसी संबंधों को प्रस्तुत किया। अभिभावकों ने बच्चों के इन स्वरूपों का दर्शन किया और आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम में नन्हे बच्चों की आरती उतारी गई और लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया। बच्चों को गौ भक्त गोपालक गोपाल के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान अभिभावकों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने बच्चों से गाय को एक रोटी दान कराएंगे। साथ ही खाने की सामग्री पॉलीथिन में बाहर नहीं फेंकने और आसपास गौशाला होने पर रोटी वहां पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।

ब्रज संस्कृति पर आधारित भजनों पर बच्चों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। छोटे-छोटे ग्वाल और गायों के स्वरूप में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन आगामी रोटरी गवर्नर सीए विनय कृष्ण ने किया। किंगडम के निदेशक आलोक प्रकाश ने बताया कि बच्चों का ब्रजभूमि से लगाव बढ़ाने के लिए कक्षाओं के सेक्शन के नाम वृंदावन, गोकुल और नंदगांव के नाम पर रखे गए हैं। कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी के मध्य आयोजित होने वाले इस आयोजन को ब्रज उत्सव नाम दिया गया है।