बरेली में इंटरनेशनल ह्यूमन सर्विस ट्रस्ट का जागरूकता अभियान आयोजित
इंटरनेशनल ह्यूमन सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट ने साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को कानून, सुरक्षा, साइबर जागरूकता, स्वास्थ्य और ट्रैफिक नियमों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
➡️ विशेषज्ञों, पुलिस कर्मियों, कोचेज़ और पत्रकारों ने उपयोगी टिप्स साझा किए
➡️ ताइक्वांडो कोचेज ने सुरक्षा के मूल सिद्धांत बताए
➡️ क्विज़ प्रतियोगिता में विजेताओं को बैग, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान
➡️ कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद
साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं को दी कानून, सुरक्षा, साइबर और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी।
बरेली। इंटरनेशनल ह्यूमन सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वाधान में सोमवार को साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। ट्रस्ट की टीम लगातार शहर के विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्र–छात्राओं को वर्तमान समय की आवश्यक जानकारी प्रदान कर रही है। इसी क्रम में आयोजित इस अभियान में विशेषज्ञों की बड़ी टीम मौजूद रही, जिन्होंने बच्चों को कानून, सुरक्षा, साइबर जागरूकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ट्रैफिक नियमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान मोटिवेशनल स्पीकर, अधिवक्ता, पत्रकार, ट्रैफिक पुलिस कर्मी, साइबर एक्सपर्ट, ताइक्वांडो कोच और ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने छात्राओं को वास्तविक जीवन में उपयोगी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। बेसिक कानून, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड की पहचान, स्वास्थ्य और नशे से होने वाले नुकसान जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई। ताइक्वांडो कोचेज ने छात्राओं को सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांत समझाए।
इंटरनेट के लाभ और हानियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी महत्वपूर्ण वार्ता हुई, जिसमें बच्चों को बताया गया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए कितने आवश्यक हैं। विशेषज्ञों ने छात्र जीवन में आमतौर पर होने वाली गलतियों और उनसे उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पूछे गए सवालों की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सबसे अधिक सही उत्तर देने वाली छात्रा को बैग, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट दिया गया, जबकि दो अन्य छात्राओं को ट्रॉफी व सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त सात छात्राओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. गुड्डी पाल एवं शिक्षिकाओं का सहयोग अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग शर्मा, टीएसआई देवेश शर्मा, एडवोकेट हरविंदर सिंह चड्ढा, मोटिवेशनल स्पीकर व पत्रकार आशीष जौहरी, कैमरामैन मयंक कुमार, वरिष्ठ समाजसेवी प्रवीण शर्मा, ताइक्वांडो कोच अर्जुन शर्मा, महिला कोच, पत्रकार शहाबुद्दीन सैयद, पत्रकार अफसर खान, अनमोल शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।