लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान, स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देने की मांग

बरेली में आयोजित सम्मान समारोह में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन्हें स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देने की मांग भी उठी।

लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान, स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देने की मांग
HIGHLIGHTS:

आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान किया गया।

वक्ताओं ने आपातकाल को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया।

लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देने की मांग उठी।

जन माध्यम
बरेली।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद ब्रज प्रांत, बरेली और संकल्प सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात नगर स्थित प्रांतीय संयुक्त महामंत्री निरुपमा अग्रवाल के आवास पर सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने की, जबकि संचालन जनपदीय अध्यक्ष डॉ. व्रजेश कुमार शर्मा ने किया। मुख्य वक्ता लोकतंत्र सेनानी विनोद कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए उस दौर की परिस्थितियों का उल्लेख किया।

लोकतंत्र रक्षक सेनानी वीरेन्द्र अटल ने कहा कि आपातकाल के दौरान अनेक राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए उस समय झेली गई कठिनाइयों का भी उल्लेख किया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की बहाली के लिए हजारों लोगों ने संघर्ष किया और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मोहन चंद्र पाण्डेय द्वारा सरस्वती वंदना तथा उमेश चंद्र गुप्ता द्वारा अभिनंदन गीत से हुआ। इस अवसर पर वीरेन्द्र अटल, सुमंत माहेश्वरी, राजेन्द्र कनौजिया, सुन्दर लाल, अरुण कुमार, राम प्रकाश शर्मा, डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता एवं डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा सहित नौ लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को माल्यार्पण, पटका, स्मृति चिह्न एवं 'लोकतंत्र गौरव सम्मान' प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गोष्ठी में डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता, राम प्रकाश शर्मा, अरुण कुमार, डॉ. व्रजेश कुमार शर्मा, रोहित राकेश, निरुपमा अग्रवाल, सरदार गुरविंदर सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। अंत में जनपदीय मंत्री विमलेश चंद्र दीक्षित ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।