कोहरे में ट्रकों की भिड़ंत, बरेली के ट्रक चालक की मौत
घने कोहरे में शाहजहांपुर के खेलन चौराहे पर दो ट्रकों की टक्कर हो गई। हादसे में बरेली के ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर की हालत नाजुक है।
➡️ घने कोहरे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर
➡️ बरेली के ट्रक चालक निहालुद्दीन की मौत
➡️ हेल्पर गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक
➡️ जालौन से बरेली लौटते समय हुआ हादसा
जन माध्यम। बरेली।
जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव बैरंग नगर निवासी 34 वर्षीय ट्रक चालक निहालुद्दीन की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका हेल्पर गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि निहालुद्दीन जालौन से मटर से भरा ट्रक लेकर बरेली लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शाहजहांपुर के खेलन चौराहे के पास घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से उनकी ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में निहालुद्दीन और उनका हेल्पर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान बरेली में निहालुद्दीन ने दम तोड़ दिया, जबकि हेल्पर की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी शमा का रो-रोकर बुरा हाल है। निहालुद्दीन अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वह ड्राइवरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।