बॉर्डर पर ओवरलोड खनन का बड़ा खेल उजागर

बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में उत्तराखंड बॉर्डर पर अवैध ओवरलोड खनन का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। बिना रॉयल्टी रोज ट्रक निकाले जा रहे थे, 18 नामजद आरोपी फरार हैं।

बॉर्डर पर ओवरलोड खनन का बड़ा खेल उजागर
HIGHLIGHTS:

➡️ उत्तराखंड बॉर्डर पर अवैध खनन का खुलासा
➡️ बिना रॉयल्टी रोज निकलते थे ओवरलोड ट्रक
➡️ संगठित गिरोह बनाकर चल रहा था खेल
➡️ सफेदपोश व रसूखदारों की संलिप्तता के संकेत

जन माध्यम। बरेली।
बहेड़ी थाना क्षेत्र के उत्तराखंड बॉर्डर पर लंबे समय से चल रहे ओवरलोड खनन के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। आरोप है कि एक संगठित खनन ग्रुप बनाकर बिना रॉयल्टी दिए रोजाना ओवरलोड ट्रक निकाले जा रहे थे। इस अवैध धंधे में सफेदपोश और रसूखदार लोगों की संलिप्तता भी सामने आ रही है, जो अधिकारियों से नजदीकी का फायदा उठाकर कारोबार चला रहे थे।

भारत समाचार की पड़ताल के बाद पुलिस प्रशासन और खनन विभाग हरकत में आया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए सख्ती दिखाई। कार्रवाई के बाद खनन माफिया में हड़कंप मच गया। फिलहाल इस मामले में नामजद 18 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन में शामिल कुछ लोग जीपीएस के जरिए वाहनों को लॉक कर पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे थे। अब ऐसे लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बॉर्डर क्षेत्र पर निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल तीन टीमें गठित की गई हैं, जो आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी कर रही हैं, ताकि ओवरलोड खनन और अवैध परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।