विहिप नेता गिरफ्तारी पर भड़के हिंदू संगठन,थाने व तहसील पर किया विरोध-प्रदर्शन

विहिप नेता गिरफ्तारी पर भड़के हिंदू संगठन,थाने व तहसील पर किया विरोध-प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

1. पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ विवाद, पुतला दहन और नारेबाजी

बरेली (सचिन सक्सेना)। देहात के आंवला में विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री आशीष पाठक को सोमवार सुबह आंवला पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का एक वीडियो फेसबुक पर साझा कर उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मामले में उनके खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और मंत्री की छवि धूमिल करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुलिस द्वारा जनसुविधा केंद्र से हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की और आशीष पाठक की तत्काल रिहाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी एन. राम और क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार को मौके पर पहुंचना पड़ा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
बाद में प्रदर्शनकारी तहसील परिसर पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इसी बीच शहर के प्रेमनगर स्थित श्रीकृष्ण लीला स्थल पर भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बजरंग दल के महानगर संयोजक केवलानंद ने कहा कि मंत्री द्वारा दिया गया बयान पूरे हिंदू समाज को आहत करता है। उन्होंने मांग की कि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में सुनील गुप्ता, अनुपम शंखधार, जयदीप पाराशरी, पवन हिंदू, रामवीर प्रजापति सहित बड़ी संख्या में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।