मुकेश के गीतों से सजी संगीतमय शाम, बोले महापौर- संगीत देता है नई ऊर्जा
बरेली में महान पार्श्व गायक मुकेश की जयंती पर आयोजित 'गीतों की एक शाम मुकेश के नाम' कार्यक्रम में कलाकारों ने सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने संगीत को तनाव दूर करने वाला प्रभावी माध्यम बताया।
मुकेश की जयंती पर "गीतों की एक शाम मुकेश के नाम" का आयोजन।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने संगीत को तनाव दूर करने और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बताया।
कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
जन माध्यम
बरेली। महान पार्श्व गायक मुकेश की जयंती के अवसर पर रविवार को रॉयल पटियाला में "गीतों की एक शाम मुकेश के नाम" कार्यक्रम का भव्य आयोजन "हमारा सुर संसार" के तत्वावधान में किया गया। सुरों से सजी इस संगीतमय संध्या में शहर के कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार गीतों की ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर डॉ. उमेश गौतम एवं विशिष्ट अतिथि विशाल मल्होत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था के संस्थापक राज चावला, संचालक अजय अरोड़ा, संरक्षक मनोज उपाध्याय, मीडिया प्रभारी विजय शर्मा तथा कोषाध्यक्ष हरीश गिरी ने अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर मस्तिष्क को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करने वाली प्रभावी विधा है। उन्होंने कहा कि महान गायक मुकेश की मधुर आवाज़ आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित है और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
विशिष्ट अतिथि विशाल मल्होत्रा ने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने की सबसे सशक्त कड़ी है। उन्होंने संस्था द्वारा लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। संस्था के संस्थापक राज चावला ने कहा कि "हमारा सुर संसार" का उद्देश्य हर आयु वर्ग के संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
संगीत संध्या में राज चावला ने "जो तुमको हो पसंद वही बात करेंगे" से शुरुआत की। इसके बाद अजय अरोड़ा, मीना जी, हरीश गिरी, मनोज उपाध्याय, डॉ. अंजू उपाध्याय, विजय शर्मा, बेबी शर्मा, प्रतीक शर्मा, सुरेंद्र गुप्ता, नितिन वर्मा, राजेश सक्सेना, नरेश कौशिक, सुषमा गौतम, विजय श्रीवास्तव, बिटिया श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, दिनेश शर्मा, मुकेश सक्सेना, अमन मिश्रा, स्वाती मिश्रा, काव्या सहगल, विजय विक्टर, कमल (विक्की) सक्सेना, सुधीर मोहन, प्रवीण चड्ढा और हरप्रीत गिल सहित अनेक कलाकारों ने मुकेश और हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का संचालन अजय अरोड़ा ने किया। देर शाम तक चले इस संगीतमय आयोजन में उपस्थित संगीत प्रेमी कलाकारों के साथ गीत गुनगुनाते नजर आए। अंत में सभी अतिथियों, कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।