नकली ब्रांडेड जूते बेचने पर दुकानदार गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया भारी माल
बरेली की बारादरी पुलिस ने निहाल स्पोर्ट्स पर छापा मारकर नकली NB ब्रांड के जूते, टी-शर्ट और पैकिंग सामग्री बरामद की। दुकान मालिक गिरफ्तार कर कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज।
➡️ बारादरी पुलिस ने निहाल स्पोर्ट्स पर छापा मारा
➡️ दुकान से नकली NB ब्रांड के जूते व सामान बरामद
➡️ 37 जूते, 8 टी-शर्ट, 73 कैरी बैग मिले
➡️ दुकान मालिक निहाल गिरफ्तार, ट्रेडमार्क एक्ट में मुकदमा
➡️ नकली माल सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। नामी स्पोर्ट्स ब्रांड के नकली उत्पाद बेचने के मामले में बारादरी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए संजय नगर स्थित निहाल स्पोर्ट्स दुकान पर छापा मारा और दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दिल्ली स्थित प्रसिद्ध स्पोर्ट्स ब्रांड एनबी (NB) कंपनी की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके ब्रांड नाम व लोगो की नकल कर जूते और स्पोर्ट्स सामान बेचा जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि अंकित सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने दुकान की तलाशी ली। जांच के दौरान दुकान से एनबी कंपनी के नकली लोगो वाले 37 जोड़ी जूते, 8 टी-शर्ट, 73 कैरी बैग और बड़ी संख्या में फर्जी पैकिंग बॉक्स बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नकली सामान की पैकिंग तक मूल कंपनी जैसी छपी हुई थी, जिससे ग्राहकों को असली उत्पाद का भ्रम पैदा किया जा सके।
दुकान मालिक निहाल पुत्र असलम मियां, निवासी संजय नगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ कॉपीराइट एवं ट्रेडमार्क एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली सामान की सप्लाई किस चैनल के माध्यम से हो रही थी और क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ब्रांडेड सामान की नकल कर बाजार में बेचने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी गतिविधियां न सिर्फ कंपनियों को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि उपभोक्ताओं को भी ठगा जाता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत दुकानों से ही ब्रांडेड सामान खरीदें और अत्यधिक सस्ते उत्पादों से सावधान रहें।