महामानव महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर छात्रावास का लोकार्पण

महामानव महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर छात्रावास का लोकार्पण

बरेली। स्वतंत्रता की वास्तविकता को समझने के लिए हमें महाराणा प्रताप से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने अपनी स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की कभी परवाह नहीं की। यह विचार विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम चौबारी में आयोजित महाराणा प्रताप ट्रस्ट द्वारा छात्रावास के लोकार्पण के दौरान व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि हमारे इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आगरा और दिल्ली के लाल किले का इतिहास बताया जाता है, लेकिन राजस्थान के किलों की अद्वितीय तकनीकी और सुंदरता के बारे में कम जानकारी दी जाती है। उनका कहना था कि इन किलों को देखना और वहां की संस्कृति को महसूस करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज सनातन धर्म की गूंज न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि छात्रावास के लिए मैंने कोई सहयोग नहीं किया आपने मुझे विधान परिषद सदस्य बनाया और जो मुझे बन पड़ा वह मैंने करने का प्रयास किया आगे भी ऐसे सार्थक प्रयास करता रहूंगा।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने महाराणा प्रताप के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप ने समाज की रक्षा के लिए घास की रोटी खाई और उनके बलिदान को आज भी हम याद करते हैं।

उन्होंने छात्रावास के लिए हर संभव मदद करने को भी कहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह तथा महाराणा प्रताप ट्रस्ट के जयवीर सिंह राकेश चौहान रमेश चौहान धीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू, अज्जू भैया, जगतपाल सिंह चौहान, अनिल राणा, ऋषिपाल सिंह, डॉ संजय सिंह, रोहित सिंह, जितेंद्र चौहान, मनोज सिंह आदि लोग उपस्थित थे कार्यक्रम का संचालन ओंकार सिंह रघुवंशी ने किया।