कांग्रेस 2027 में निभाएगी मजबूत भूमिका: अजय राय
अजय राय ने बहेड़ी में कार्यकर्ताओं संग पंचायत चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि कांग्रेस 2027 में मजबूत भूमिका निभाएगी।
➡️ अजय राय ने बहेड़ी में कार्यकर्ताओं से मुलाकात
➡️ पंचायत चुनाव की तैयारियों का लिया जायज़ा
➡️ 2027 में कांग्रेस की मजबूत भूमिका का दावा
➡️ एसआईआर प्रक्रिया में अव्यवस्था पर सरकार पर हमला
➡️ बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारियों का लिया जायज़ा, सरकार पर साधा निशाना
मुम्ताज अली/ जन माध्यम
बहेड़ी। आगामी ग्राम पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पुरज़ोर तरीके से अपनी जमीन मज़बूत करने में जुट गई है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बहेड़ी में कांग्रेस नेता सलीम अख्तर के कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी तैयारियों का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि “कांग्रेस आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत और निर्णायक भूमिका निभाएगी।”
अजय राय ने कहा कि प्रदेश में होने वाले ग्राम पंचायत चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव को मिशन मोड में लड़ने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का ज़िक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इस बार केवल मुकाबले में नहीं, बल्कि निर्णायक स्थिति में दिखाई देगी।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी अजय राय ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “2003 में भी सर्वे भाजपा सरकार में हुआ था, तब लोगों को 6-7 महीने का पर्याप्त समय दिया गया था। पूरा काम शांति से हुआ था, लेकिन वर्तमान सरकार ने जल्दबाज़ी और अव्यवस्था फैलाकर जनता को भारी परेशानी में डाल दिया है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एसआईआर की अव्यवस्थित प्रक्रिया के चलते कई लोगों की जान तक चली गई, जो सरकार की बड़ी नाकामी को उजागर करता है।
अंत में अजय राय ने कहा कि चाहे ग्राम पंचायत चुनाव की बिसात हो या 2027 का महासंग्राम—कांग्रेस हर स्तर पर संगठित, सक्रिय और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में अपने “बेहतर प्रदर्शन” से प्रदेश की राजनीति में नई दिशा देगी।