खुर्जा-छतारी और शिकारपुर- जहांगीराबाद मार्ग की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने उठाई आवाज, आंदोलन की चेतावनी

खुर्जा-छतारी और शिकारपुर-जहांगीराबाद मार्ग की जर्जर हालत पर कांग्रेस ने प्रशासन से मुलाकात कर तत्काल मरम्मत की मांग की। 15 दिन में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

खुर्जा-छतारी और शिकारपुर- जहांगीराबाद मार्ग की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने उठाई आवाज, आंदोलन की चेतावनी
HIGHLIGHTS:

➡️ खुर्जा-छतारी और शिकारपुर-जहांगीराबाद मार्ग बने गड्ढों का जंगल
➡️ कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने सिटी मजिस्ट्रेट से की मुलाकात
➡️ रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही, बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
➡️ सर्दी और कोहरे में खराब सड़कों से जनता परेशान
➡️ 15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो कांग्रेस का आंदोलन तय
➡️ भाजपा जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

डेस्क/ जन माध्यम

बुलंदशहर। लंबे से गड्ढों के तब्दील हो चुके खुर्जा-छतारी और शिकारपुर- जहांगीराबाद मार्ग की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने आक्रोश व्यक्त किया है और सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर मार्ग को सही करने की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने जिले की उपरोक्त प्रमुख सड़कों की जर्जर हालत को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार से मुलाकात कर तत्काल सुधार की मांग की है।

जिलाध्यक्ष ने पत्र में बताया कि खुर्जा से पहासू, छतारी, अतरौली मार्ग एवं शिकारपुर से जहांगीराबाद मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन इन मार्गों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने कहा कि भीषण सर्दी और कोहरे के बीच खराब सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन और लोक निर्माण विभाग आंखें मूंदे बैठा है। सड़क सुरक्षा, रिफ्लेक्टर और यातायात मानकों की अनदेखी से जनमानस में रोष व्याप्त है।

जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने प्रशासन से मांग की कि दोनों मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और कोहरे को देखते हुए यातायात के सभी सुरक्षा मानकों को पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि 15 दिन में मार्ग यदि ठीक नहीं हुए तो कांग्रेसी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे । उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के सातों सीटों पर विधायक और दो सांसद हैं लेकिन जनहित को लेकर सब मौन हैं। इस अवसर पर जियाउर्रहमान के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, आशु कुरैशी, सचिन पंडित, कुंवर आदिल, नईम मंसूरी आदि मौजूद रहे।