अवैध विदेशी सिगरेट की बिक्री पर वैधानिक मापतौल विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 दुकानों से स्मगल्ड माल बरामद

बरेली में वैधानिक मापतौल विभाग की रेड: 50 दुकानों की जांच, 18 से बिना MRP-चेतावनी वाली विदेशी स्मगल्ड सिगरेट बरामद। दुकानदारों पर मुकदमा, सख्त चेतावनी!

अवैध विदेशी सिगरेट की बिक्री पर वैधानिक मापतौल विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 दुकानों से स्मगल्ड माल बरामद
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली: वैधानिक मापतौल विभाग का अवैध सिगरेट पर धावा
➡️ 50 दुकानों की जांच, 18 से विदेशी स्मगल्ड सिगरेट बरामद
➡️ दुकानदारों पर वैधानिक मापतौल अधिनियम में मुकदमा, सख्त कार्रवाई
➡️ आगे भी छापे जारी, सरकार को हो रही राजस्व हानि पर लगाम

18 दुकानों से विदेशी अवैध माल जब्त, मापतौल विभाग की कड़ी कार्रवाई

जन माध्यम 
बरेली।
शहर में अवैध सिगरेट के फैलते कारोबार पर नकेल कसने के लिए वैधानिक मापतौल विभाग ने शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। सहायक नियंत्रक मनोज कुमार एवं मुकुल रंजन के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग बाजारों में लगभग 50 दुकानों की जांच की। इस जांच में 18 दुकानों पर विदेशी, बिना वैधानिक अंकन वाली सिगरेट खुली हुई बिकती मिलीं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।टीम के अनुसार बरामद सिगरेट पैकेटों पर न वैधानिक चेतावनी थी, न अधिकतम खुदरा मूल्य, न निर्माण तिथि और न ही अन्य अनिवार्य विवरण। ऐसे उत्पाद न केवल उपभोक्ता के अधिकारों का हनन करते हैं, बल्कि सरकार को भारी कर हानि भी पहुंचाते हैं। विभाग का कहना है कि यह कारोबार नशे की लत बढ़ाने वाला और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाला है, इसलिए इसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सहायक नियंत्रक मनोज कुमार ने बताया कि जिन 18 दुकानों से अवैध सिगरेट बरामद हुई हैं, उनके खिलाफ वैधानिक मापतौल अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि “बिना वैधानिक अंकन वाले उत्पाद बेचने वालों पर अब सख़्त से सख़्त कार्रवाई होगी। चेतावनी के बावजूद नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में राहत नहीं मिलेगी।

विभाग ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे केवल वैध, नियमबद्ध और प्रमाणित उत्पाद ही बेचें। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में अवैध, तस्करी के माध्यम से लाई गई और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक सिगरेट का कारोबार पूरी तरह खत्म किया जा सके।