एकता पद यात्रा में देशभक्ति का जज़्बा
मेरठ दक्षिण में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता पद यात्रा: ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर के नेतृत्व में भव्य स्वागत, पुष्प वर्षा, देशभक्ति का जज्बा!
➡️ सरदार पटेल 150वीं जयंती: मेरठ दक्षिण में भव्य एकता पद यात्रा
➡️ मुख्य अतिथि: ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर
➡️ मां मंशा देवी मंदिर से भोलेश्वर मंदिर तक मार्च
➡️ पूरे रास्ते पुष्प वर्षा, तिरंगा लहराया, गूंजे देशभक्ति नारे
➡️ NCC कैडेट्स, बच्चे-युवा ने भरी हुंकार
➡️ महापौर हरिकांत आहूवालिया, विवेक रस्तौगी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद
➡️ संकल्प: एक भारत, आत्मनिर्भर भारत!
पुष्प वर्षा के बीच हुआ भव्य स्वागत, संकल्प— एक भारत, आत्मनिर्भर भारत
जन माध्यम
मेरठ। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र गुरुवार को राष्ट्रभक्ति और एकता के रंगों में रंग गया, जब सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती अभियान के तहत भव्य एकता पद यात्रा का आयोजन किया गया। ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय खिलाड़ी नलिन अग्रवाल और अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग खिलाड़ी नितिज्ञ चौधरी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और लौह पुरुष सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई। अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी ने की। अपने संबोधन में राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एकता ही भारत की असली शक्ति है और यह संदेश हर विधानसभा में पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में पद यात्राएँ निकाली जा रही हैं। महापौर हरिकांत आहूवालिया ने भी पटेल के जीवन और योगदान पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।पदयात्रा मां मंशा देवा मंदिर से शुरू होकर जागृति विहार, शास्त्रीनगर के विभिन्न सेक्टरों और मुख्य बाजारों से होती हुई भोलेश्वर मंदिर पर समाप्त हुई। पूरे रास्ते लोगों ने पुष्प वर्षा कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया। तिरंगा लिए बच्चों, एनसीसी कैडेटों और युवाओं ने “भारत माता की जय”, सरदार पटेल अमर रहें जैसे जोशीले नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना, समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ाना और युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ना था। इस दौरान सत्यप्रकाश अग्रवाल, राहुल गुप्ता, मनोज पोसवाल, रविश अग्रवाल, अरविंद मारवाड़ी, सुनील चढ़्ढा, अजय गुप्ता नटराज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।