शादी में गया परिवार, पीछे से घर साफ कर गए चोर
बरेली के मीरगंज क्षेत्र में शादी में गए परिवार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों की ज्वेलरी और नकदी चोरी कर ली। पुलिस जांच में जुटी है।
शादी में गया था पूरा परिवार
बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
लाखों की ज्वेलरी और नकदी चोरी
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में दहशत
जन माध्यम
मीरगंज।बरेली। खुशियों में शामिल होने गए परिवार को क्या पता था कि पीछे उनके घर की सारी खुशियां ही कोई चुरा ले जाएगा।
थाना क्षेत्र के गांव कुल्छा खुर्द में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सभी सदस्य पास के गांव सिंधौली में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, तभी चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों के ताले भी तोड़ दिए। इसके बाद पूरे घर को खंगालते हुए सोने चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
सुबह जब ग्रामीणों ने घर के टूटे ताले देखे तो उन्हें शक हुआ और तुरंत परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने जब घर के अंदर का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।