रामगंगा कटान रोकने को मीरगंज में प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने पिचिंग कार्य का लिया जायजा

मीरगंज के अंबरपुर, लभेड़ा पुरोहित और ठिरिया बुजुर्ग में रामगंगा के कटान को रोकने के लिए चल रहे पिचिंग कार्य का एसडीएम निधि शुक्ला ने निरीक्षण किया। अधिकारियों को काम में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

रामगंगा कटान रोकने को मीरगंज में प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने पिचिंग कार्य का लिया जायजा
HIGHLIGHTS:

एसडीएम निधि शुक्ला ने अंबरपुर, लभेड़ा पुरोहित और ठिरिया बुजुर्ग में पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बोरी और बोल्डर डालकर सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश।

बाढ़ चौकियों को 24 घंटे सतर्क रहने और राहत सामग्री व नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)।
रामगंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तटीय इलाकों में भूमि कटान की समस्या को देखते हुए तहसील प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला ने राजस्व और बाढ़ खंड विभाग की टीम के साथ संवेदनशील गांवों का दौरा कर बाढ़ नियंत्रण तैयारियों की स्थिति परखी।

एसडीएम ने मीरगंज देहात क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव अंबरपुर, लभेड़ा पुरोहित और ठिरिया बुजुर्ग में नदी किनारे चल रहे कटानरोधी पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान पत्थरों और बोरी की जिओ-बैगिंग के जरिए किए जा रहे बचाव कार्य की प्रगति देखी।

उन्होंने सिंचाई एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कटान रोकने के कार्य में गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और पिचिंग कार्य में तेजी लाई जाए। संवेदनशील स्थानों पर, जहां नदी का प्रवाह सीधे किनारों से टकरा रहा है, वहां अतिरिक्त बोरियां और बोल्डर डालकर सुरक्षा मजबूत करने को कहा गया।

इसके बाद एसडीएम ने बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत सामग्री, नाव और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसडीएम निधि शुक्ला ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और कटान से बचाव के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय कानूनगो, हल्का लेखपाल, बाढ़ खंड के अभियंता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।