संपत्ति विवाद में दादा की हत्या
बरेली के बहेड़ी में संपत्ति विवाद के दौरान पोते ने गुस्से में आकर ईंट से वार कर अपने ही दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
➡️ संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप
➡️ पिता-पुत्र के झगड़े में कूदा पोता
➡️ ईंट से पेट पर ताबड़तोड़ वार
➡️ अस्पताल में बुजुर्ग की मौत
जन माध्यम
बहेड़ी (बरेली)। कस्बा बहेड़ी में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां पारिवारिक झगड़े के दौरान पोते ने अपने ही दादा की हत्या कर दी। घटना मोहल्ला शाहगढ़ की है, जहां विवाद के दौरान ईंट से किए गए ताबड़तोड़ वार में बुजुर्ग की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी पोते को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला शाहगढ़ निवासी मुन्ना लाल के परिवार में काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर घर में पिता और पुत्र के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान पोता राजू भी झगड़े में कूद पड़ा। आरोप है कि गुस्से में आकर राजू ने आपा खो दिया और ईंट उठाकर दादा मुन्ना लाल के पेट पर कई वार कर दिए।
ईंट से हमले के बाद मुन्ना लाल दर्द से तड़पते हुए गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पोते राजू को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर क्राइम के अनुसार फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना हुआ है।