लखनऊ अग्निकांड के बाद रिछा में फिर उठी फायर स्टेशन की मांग
लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली के रिछा क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन की मांग तेज हो गई है। राइस मिलर एसोसिएशन ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए जल्द व्यवस्था की मांग की है।
• लखनऊ अग्निकांड के बाद रिछा में फायर ब्रिगेड स्टेशन की मांग फिर तेज हुई।
• रिछा राइस मिलर एसोसिएशन ने औद्योगिक क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
• जमीन उपलब्ध न होने के कारण वर्षों से फायर स्टेशन स्थापना की योजना अधर में लटकी है।
जन माध्यम
रिछा/बरेली। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बरेली जिले की चावल नगरी रिछा में फायर ब्रिगेड स्टेशन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले इस क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय उद्योग जगत और सामाजिक संगठनों ने चिंता जताई है।
रिछा राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाजी ने कहा कि दमखोदा ब्लॉक में फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना लंबे समय से लंबित है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में फायर स्टेशन स्थापित करने की घोषणा के बावजूद रिछा क्षेत्र में अब तक यह योजना जमीन पर नहीं उतर सकी है।
उन्होंने बताया कि रिछा चावल उद्योग का बड़ा केंद्र है, जहां करीब 60 राइस मिलें और अन्य औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इसके अलावा सैकड़ों गांव और रिछा नगर पंचायत भी इसी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।
नियाजी के अनुसार उद्योग बंधु की बैठकों में कई बार यह मुद्दा उठाया गया। फायर स्टेशन के लिए विभिन्न स्थानों का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन भूमि उपलब्धता और भूमि उपयोग परिवर्तन जैसी प्रक्रियाओं के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने उप मंडी स्थल में उपलब्ध भूमि पर भी फायर विभाग की व्यवस्था शुरू करने का सुझाव दिया था, लेकिन विभागीय स्तर पर सहमति नहीं बन सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में आग लगने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए बहेड़ी से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं। रेलवे क्रॉसिंग और दूरी के कारण कई बार राहत कार्य प्रभावित होता है। इससे पहले क्षेत्र के कई गांवों में आग लगने से फसलों और संपत्ति को भारी नुकसान भी हो चुका है।
रिछा राइस मिलर एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और औद्योगिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दमखोदा ब्लॉक में फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक और संवेदना भी व्यक्त की गई।