चोर ने निगली चेन, पुलिस ने दवा देकर निकलवाई

बरेली में चोरी के आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान चेन निगल ली। पुलिस ने अस्पताल में दवा देकर शौच के दौरान चेन बरामद की।

चोर ने निगली चेन, पुलिस ने दवा देकर निकलवाई
चोर ने निगली चेन, पुलिस ने दवा देकर निकलवाई
HIGHLIGHTS:

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने निगली चेन

दो दिन तक पुलिस को करता रहा परेशान

अस्पताल में दवा देकर कराई बरामदगी

चेन को मालखाने में जमा, आरोपी फिर जेल भेजा गया

जन माध्यम

बरेली। चोरी छिपाने के लिए आरोपी ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। लेकिन पुलिस भी पीछे हटने वाली नहीं थी तीन दिन की जिद और चालाकी आखिरकार टूट गई।

बारादरी क्षेत्र में चोरी के आरोपी सिकंदर उर्फ छोटू ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के सामने ही 42 ग्राम वजनी चांदी की चेन (ब्रेसलेट) निगल ली। उसका मकसद साफ था सबूत खत्म करो और सजा से बच जाओ।

हजियापुर निवासी सिकंदर ने अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर एक घर में छत के रास्ते घुसकर बुलेट बाइक और मालिक के हाथ का ब्रेसलेट चोरी किया था। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी, जिसके आधार पर यक्ष एप की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।

लेकिन असली खेल गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ। सिकंदर ने पुलिस को चकमा देने के लिए ब्रेसलेट निगल लिया। पुलिस ने तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाकर एक्सरे कराया, जिसमें साफ हो गया कि ब्रेसलेट उसके पेट में ही है।

डॉक्टरों ने सलाह दी कि यह शौच के दौरान बाहर आ सकता है। इसके बाद पुलिस ने दो दिन तक सिकंदर को थाने में रखकर उसकी पसंद का खाना खिलाया और दो सिपाहियों को 24 घंटे निगरानी में लगाया।

लेकिन आरोपी भी कम चालाक नहीं था। वह समझ चुका था कि पुलिस को सबूत चाहिए, इसलिए उसने दो दिन तक शौच ही नहीं किया। मजबूर होकर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया, जहां वह यह सोचकर खुश था कि अब सबूत कभी नहीं मिलेगा।

यहीं पुलिस ने चाल बदल दी। कोर्ट और जेल प्रशासन को जानकारी देकर उसे फिर से बरामदगी के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां भी सिकंदर ने रातभर पुलिस को परेशान किया।

आखिरकार डॉक्टर की सलाह पर उसे पेट साफ करने की दवा पूरी शीशी पिला दी गई। महज आधे घंटे बाद ही उसकी चालाकी जवाब दे गई।

पुलिस उसे अस्पताल की छत पर एकांत में ले गई, जहां शौच के दौरान सफाईकर्मी की मदद से ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया।

बरामद चेन को साफ कर बारादरी थाने के मालखाने में जमा करा दिया गया है और सिकंदर को दोबारा जेल भेज दिया गया।

सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं और पुलिस उसे अधिकतम सजा दिलाने के लिए पूरी पैरवी करेगी।

यह मामला एक बड़ा सवाल भी छोड़ता है अपराधी कितनी भी चालाकी कर लें, क्या कानून से बच पाना सच में संभव है?