सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत

बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में सड़क हादसे में 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सुबह टहलने निकले वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत
HIGHLIGHTS:

➡️ सीबीगंज क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा
➡️ 90 वर्षीय लल्ला शाह की इलाज के दौरान मौत
➡️ सुबह टहलने के दौरान हुआ हादसा
➡️ अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

जन माध्यम
बरेली।
थाना सीबीगंज क्षेत्र के जहूरपुर निवासी 90 वर्षीय लल्ला शाह की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। रोज़ाना की दिनचर्या के तहत सुबह टहलने निकले लल्ला शाह के साथ यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ, जब वह सीबीगंज रोड पर पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज़ रफ्तार से आए किसी अज्ञात वाहन या व्यक्ति ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद मृतक के नाती ने बताया कि लल्ला शाह अपने युवाकाल में पहलवानी करते थे और उम्र के इस पड़ाव पर भी फिट रहने के लिए रोजाना पैदल भ्रमण करते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश को लेकर परिजन पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।