संचारी रोगों की रोकथाम को सैंथल में फॉगिंग अभियान तेज
सैंथल नगर पंचायत ने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को मोहल्ला फकीर हज्जाम और नई बस्ती में फॉगिंग कर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव का संदेश दिया गया।
संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नगर पंचायत ने फॉगिंग अभियान चलाया।
फकीर हज्जाम और नई बस्ती में किया गया कीटनाशक धुएं का छिड़काव।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अभियान में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जन माध्यम
बरेली सैंथल। बरसात के मौसम में संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर पंचायत सैंथल ने फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है। एक जुलाई से चल रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को मोहल्ला फकीर हज्जाम और नई बस्ती में फॉगिंग कर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के प्रयास किए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष कंबर एजाज शानू ने अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि फॉगिंग कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र से अभियान में ढिलाई की शिकायत मिलती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
फॉगिंग अभियान का संचालन सफाई नायक रईस हैदर और लाले खां के नेतृत्व में किया गया। नगर पंचायत ने लोगों से भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और जलभराव न होने देने की अपील की है, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।