घर से निकालने की कोशिश, महिला पर हमला
नारा फरीदापुर की एक महिला ने तहरे भाइयों पर घर से निकालने, गाली देने, छेड़छाड़ और दोबारा हमला करने का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।
➡️ तहरे भाइयों पर महिला को घर से निकालने का आरोप
➡️ गाली, धमकी और जबरन कमरे में ले जाने का प्रयास
➡️ शाम को दोबारा लौटकर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप
➡️ महिला, पति और बच्चों को जान का खतरा बताया
➡️ पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की, गांव में तनाव
पति के तहरे भाइयों पर गंभीर आरोप—गाली, धमकी और छेड़छाड़ की घटना
जन माध्यम
शाही,बरेली। शाही, थाना क्षेत्र के नारा फ़रीदापुर गाँव में एक महिला ने अपने तहरे भाइयों पर उसे घर से निकालने, गंदी गालियाँ देने और बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति और आरोपियों के बीच जमीन का मुकदमा चल रहा था, जो हाल ही में अदालत में विपक्षी पक्ष के पक्ष में गया। इसी रंजिश में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी राजू गिरी, मेघन गिरी और उसकी पत्नी लीला उसके घर पहुँचे और मुकदमा जीतने का हवाला देकर उसे धक्के देकर घर से बाहर निकालने लगे। विरोध करने पर तीनों ने गाली गलौज की और महिला का हाथ पकड़कर जबरदस्ती कमरे में ले जाने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर महिला की सास और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुँचे और उसे बचाया। शाम को महिला के पति घर आए तो पीड़िता ने पूरी घटना बताई। आरोप है कि शाम होते होते आरोपी दोबारा घर पर पहुँचे, गाली गलौज की, ईंट पत्थर फेंके और जबरन दरवाज़ा तोड़कर घर में घुसने का प्रयास भी किया।
महिला का कहना है कि उसे, उसके पति और बच्चों को जान का खतरा है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। गाँव में घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।