एसपी देहात ने किया पुलिस चौकी का उद्घाटन

एसपी देहात ने किया पुलिस चौकी का उद्घाटन

सिरौली (बरेली)। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कैलाश नाथ मणि पुलिस चौकी का बुधवार को एसपी देहात अंशिका वर्मा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर हुए इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा कैलाश गिरी पर जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया और स्थानीय जनता से संवाद किया। इस मौके पर उन्होंने आगामी होली और रमज़ान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बताया जाता है कि थाना सिरौली के वार्षिक निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की जनता ने बरेली एसएसपी अनुराग आर्य से बाबा कैलाश गिरी की मणि पर पुलिस चौकी बनाने की मांग की थी। एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए चौकी निर्माण के आदेश दिए। जिसके बाद कार्य शुरू कर दिया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर बुधवार को एसपी देहात ने इसका उद्घाटन किया। 

उद्घाटन के बाद एसपी देहात ने क्षेत्र की जनता से बातचीत की और कहा कि चौकी बनने से अब स्थानीय लोग खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई समस्या होती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की और एक-दूसरे के धर्मों का सम्मान करने का संदेश दिया। स अवसर पर सीओ अंजनी कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष रामरतन सिंह, उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, केपी सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।