छप्परनुमा पशुशाला में लगी भीषण आग, सात बकरियों की जलकर मौत, महिला गंभीर रूप से झुलसी
शाही (बरेली)। थाना क्षेत्र के गाँव छोटा बसावनपुर में सोमवार आधी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत पर बनी छप्परनुमा पशुशाला में आग लगने से सात बकरियों की जलकर मौत हो गई। वहीं पशुशाला में सो रही एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व व पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।
मच्छर भगाने के लिए जलाया गया भूसा बना हादसे की वजह
गाँव निवासी माया देवी पत्नी कल्लू रोज की तरह रात करीब 9 बजे खाना खाकर छत पर बनी पशुशाला में सो गईं। वहाँ सात बकरियाँ बँधी थीं और एक बकरी का बच्चा उनके पास चारपाई पर था। बताया जा रहा है कि मच्छरों को भगाने के लिए उन्होंने भूसे में आग जलाकर धुआँ किया और सो गईं। रात करीब 12 बजे अचानक पशुशाला में आग लग गई।
आग की लपटें उठती देख माया देवी जाग गईं और बकरियों को बचाने के लिए दौड़ीं। लेकिन इसी दौरान जलता हुआ छप्पर उनके ऊपर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आग की लपटें तेज होने से सातों बकरियां मौके पर ही जलकर मर गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया।
अधिकारियों ने किया मौका मुआयना, मदद का भरोसा
सूचना पर हल्का लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अजय राजपूत भी गाँव पहुँचे और एसडीएम मीरगंज को घटना की जानकारी दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव दद दिलाने का आश्वासन दिया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत बकरियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन आनन-फानन में माया देवी को निजी अस्पताल ले गए। जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।