उत्तराखंड स्थापना दिवस पर लोक संस्कृति के रंगों में रंगा बरेली
पर्वतीय समाज बरेली के 26वें उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने शुभारंभ किया। फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे सहित कई हस्तियां शामिल हुईं।
नेहरू युवा केंद्र में पर्वतीय समाज ने मनाया 26वां उत्तराखंड स्थापना दिवस।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया।
फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे बोलीं, बरेली उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है।
जन माध्यम
बरेली। पहाड़ की माटी की महक, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक नृत्यों की थिरकन ने रविवार को नेहरू युवा केंद्र को उत्तराखंड के रंगों से सराबोर कर दिया। पर्वतीय समाज बरेली के 26वें उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह में संस्कृति, परंपरा और अपनत्व का संगम दिखा। दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
समारोह के प्रथम सत्र का शुभारंभ पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने किया। उन्होंने उत्तराखंड को आत्मिक शांति का स्थान बताते हुए पहाड़ से जुड़े भावनात्मक रिश्ते साझा किए। द्वितीय सत्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं देश की अनमोल धरोहर हैं। ऐसे आयोजन विरासत को जीवित रखने और नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। समाज को परंपराएं सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुंबई से पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे विशेष आकर्षण रहीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बरेली उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है। यहां हमेशा अपनापन मिलता है और समारोह का हिस्सा बनकर वह धन्य महसूस कर रही हैं। फिल्म और थिएटर के अंतर पर उन्होंने कहा कि दोनों विधाओं में फर्क है। वह थिएटर से आती हैं, जहां रीटेक की गुंजाइश नहीं होती। कलाकार को दर्शकों के सामने उसी पल पूरी क्षमता से प्रस्तुति देनी पड़ती है। दर्शकों की प्रतिक्रिया तत्काल महसूस होती है। उनके मुताबिक थिएटर अभिनय क्षमता की कसौटी है।
मां नैना सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति, खटीमा की टीम ने लोकगायक पुष्कर महर के निर्देशन में उत्तराखंड के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकगायिका बबीता देवी ने भी अपनी गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया। दीपक राणा की प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं। पूरे आयोजन में पहाड़ के लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत की गूंज सुनाई देती रही।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त अमोला, भूपाल सिंह बजेठा और भुवन चंद्र हरबोला को सम्मानित किया गया। युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी नंदा राणा तथा फिल्म निर्देशक, अभिनेता और आरजे देवेंद्र रावत को भी सम्मान दिया गया।
पर्वतीय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र दियोलिया ने अतिथियों का आभार जताया। महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने आयोजन के उद्देश्य बताए, जबकि वरिष्ठ सलाहकार कुंवर सिंह बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। सांस्कृतिक लोकगायक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि प्रवेश निशुल्क था। उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैंट सभासद मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता बढ़ाते और युवाओं को अपनी जड़ों से परिचित कराते हैं। मीडिया प्रभारी देवेंद्र रावत ने जानकारी साझा की।
अभिनेत्री नीतू पांडे के अभिनय सफर का जिक्र करते हुए बताया गया कि वह ‘सत्यमेव जयते’, ‘मैं मेरी पत्नी और वो’, ‘बाबर’, ‘अंदाज-2’, ‘श्रीमद रामायण’, ‘सावधान इंडिया’, ‘क्राइम पेट्रोल’, ‘इमली’, ‘मरुधर एक्सप्रेस’, ‘भोंसले’, ‘हैप्पी भाग जाएगी’, ‘अजीब दास्तान’ और ‘शोरगुल’ सहित कई फिल्मों और धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।
समारोह में समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अपनी बोली, लोकगीत, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ाव ही किसी समाज की असली ताकत है।