शादी की जिद पर प्रेमी के घर हंगामा

नवाबगंज में एक युवती देर रात कथित प्रेमी के घर पहुंचकर शादी की मांग पर अड़ गई। दोनों पक्षों में हंगामा हुआ और मामला थाने पहुंच गया। पुलिस सुलह के प्रयास में जुटी है।

शादी की जिद पर प्रेमी के घर हंगामा
HIGHLIGHTS:

➡️ युवती देर रात प्रेमी के घर पहुंची
➡️ शादी की मांग पर अड़ी
➡️ दोनों पक्षों में हुआ हंगामा

हसीन दानिश । जन माध्यम
नवाबगंज (बरेली)।
नवाबगंज क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का मामला उस समय तूल पकड़ गया जब एक युवती देर रात अपने कथित प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। विरोध होने पर दोनों पक्षों में कहासुनी और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।

बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पूर्व युवक पूरनपुर में कपड़े की दुकान चलाता था। वहीं उसकी मुलाकात मेराज नाम की युवती से हुई। परिचय धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था।

समय बीतने के साथ युवक ने शादी से दूरी बनानी शुरू कर दी। इस बात से आहत युवती शुक्रवार देर रात युवक के घर पहुंच गई और परिजनों के सामने ही शादी की मांग करने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। मोहल्ले में शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए।

परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।

थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की ओर से शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर में गंभीर आरोप लगाए जाते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।