वृहद पौधारोपण महोत्सव में सरकारी संस्थानों के साथ निजी उद्योगों ने भी बढ़ाया कदम

देवरनियां क्षेत्र में 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान के तहत वृहद पौधारोपण महोत्सव आयोजित हुआ। सरकारी संस्थानों के साथ रिछा राइस मिलर एसोसिएशन ने भी पौधारोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया।

वृहद पौधारोपण महोत्सव में सरकारी संस्थानों के साथ निजी उद्योगों ने भी बढ़ाया कदम
HIGHLIGHTS:

• 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृहद पौधारोपण महोत्सव आयोजित।

• रिछा राइस मिलर एसोसिएशन ने भी मिल परिसर में पौधे लगाकर संरक्षण का संकल्प लिया।

• स्कूलों और पुलिस विभाग सहित विभिन्न संस्थानों में पौधारोपण कर जियो टैगिंग की गई।

जन माध्यम
देवरनियां
/बरेली) 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान के अंतर्गत रविवार को क्षेत्र में वृहद पौधारोपण महोत्सव का आयोजन किया गया। अभियान में सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ निजी उद्योगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा पौधों की जियो टैगिंग भी कराई गई।

रिछा राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाजी ने हुसैन राइस मिल परिसर एवं एसोसिएशन कार्यालय में मिलर्स के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में राशिद नियाजी सहित बड़ी संख्या में राइस मिलर्स मौजूद रहे।

वहीं, सरकारी संस्थानों में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जोखनपुर में प्रधानाध्यापक मोहम्मद आकिल, ब्लॉक रिछा (दमखोदा) के आदर्श कंपोजिट विद्यालय अभयपुर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा, तेजनगर प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका वीरवती, रिछा पुलिस चौकी परिसर में चौकी प्रभारी शेखर खोखर तथा कोतवाली देवरनियां में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर अधिकारियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।