टीका उत्सव शुरू, छूटे हुए बच्चों को लगेगा पूरा टीका, 31 दिसंबर तक चलेगा अभियान
बरेली में ‘टीका उत्सव’ शुरू, 0–7 वर्ष के छूटे बच्चों को 31 दिसंबर तक पूरा टीकाकरण लगाया जाएगा।
➡️ बरेली में दिसंबर भर ‘टीका उत्सव’ अभियान शुरू
➡️ 0–7 वर्ष के छूटे बच्चों को पूरा टीकाकरण लगेगा
➡️ CMO ने जिला महिला अस्पताल में फीता काटकर किया शुभारंभ
➡️ 12 गंभीर बीमारियों से सुरक्षा पर जोर
➡️ 11,512 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित
➡️ आशा–आंगनवाड़ी टीकाकरण से पहले घर-घर संपर्क करेंगी
➡️ यू-विन पोर्टल पर डिजिटल सर्टिफिकेट अनिवार्य
➡️ नगर निगम डोर-टू-डोर वैन से प्रचार करेगा
➡️ कई संगठनों व विभागों की संयुक्त भागीदारी
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। जिले में शून्य से 7 साल तक की आयु के उन बच्चों का नियमित टीकाकरण पूरा करने के लिए बुधवार से ‘टीका उत्सव’ शुरू हो गया, जो अब तक किसी कारणवश टीके से वंचित रह गए थे। यह अभियान पूरे दिसंबर माह तक चलेगा।
जिला महिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने आमजन से अपील की कि “टीका उत्सव में जरूर आएं और जिम्मेदार परिवार व समाज का हिस्सा बनें।” उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण से बच्चे पोलियो, टीबी, हेपेटाइटिस-बी, टिटनेस, काली खांसी, गलघोंटू, खसरा, रुबेला, डायरिया, निमोनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और इन्फ्लुएंजा जैसी 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। टीका लगने से बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कुपोषण से भी बचाव होता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क टीकाकरण होता है। लोगों से अनुरोध है कि अपने आस-पास ऐसे बच्चों को चिह्नित करें जो टीकाकरण से छूट गए हों और उनके अभिभावकों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि इस अभियान में पेंटा-1, खसरा-रुबेला (MR-1 एवं MR-2) सहित अन्य जरूरी टीकों का लक्ष्य 11,512 बच्चों का रखा गया है। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में छूटे हुए बच्चों की विशेष सूची तैयार करेंगी। टीकाकरण सत्र से एक दिन पहले इन बच्चों के परिवारों से संपर्क किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वैन से प्रचार करेगा। सिविल सोसाइटी, जनप्रतिनिधि, कोटेदार और धर्मगुरु भी सहयोग करेंगे। महिला आरोग्य समिति की बैठकों में माताओं को पूर्ण टीकाकरण के फायदे बताए जाएंगे।
डॉ. प्रशांत ने अभिभावकों से कहा कि टीकाकरण के बाद यू-विन पोर्टल पर बच्चे का पंजीकरण करवाकर डिजिटल टीकाकरण प्रमाण-पत्र अवश्य प्राप्त करें।
कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, शहरी नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह, शहरी समन्वयक मोहम्मद अकबर, यूनिसेफ से मो. इरशाद, गावी से शालिनी बिष्ट, जे.एस.आई. से मो. शमीम व नुरुल निशा, डब्ल्यूएचओ से डॉ. पी.वी. कौशिक, यूएनडीपी से धर्मेंद्र चौहान सहित सभी संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।
टीका उत्सव का संदेश: हर बच्चा सुरक्षित, बरेली स्वस्थ
