“कौन बड़ा गुंडा है”…. दोस्तों ने ली जान ! संकित हत्याकांड का 24 घंटे में ख़ुलासा, मुठभेड़ में दो घायल, 4 गिरफ़्तार
1. सीने में सटाकर मारी थी गोली
Bareilly News: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में हुए संकित चौहान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हत्या किसी दुश्मन ने नहीं बल्कि उसके अपने दोस्तों ने ही की थी। मामूली बहस के बाद "कौन बड़ा गुंडा है", इस बात को लेकर दोस्तों ने ही संकित की जान ले ली। शुक्रवार रात हुई पुलिस मुठभेड़ में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से दो के पैर में गोली लगी है।शनिवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की वजह आपसी कहासुनी और शराब के नशे में हुई झड़प बनी।
पंचायत घर के सामने मिला था शव
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर निवासी 25 वर्षीय संकित चौहान पराग डेयरी का मिल्क पार्लर संचालित करता था। गुरुवार रात उसका शव मोहनपुर पंचायत घर के सामने पड़ा मिला था। उसके सीने में गोली लगी थी। भाई अंकित चौहान की तहरीर पर कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस और एसओजी की टीम जांच में जुटी थी। पूछताछ और सर्विलांस की मदद से संकित के चार दोस्तों के नाम सामने आए जिन पर संदेह गहराया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाब में दो घायल
एसएचओ कैंट राजेश कुमार और चौकी प्रभारी नकटिया टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संकित के हत्यारोपी कठपुला पुल के पास से गुजरने वाले हैं। पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की तो दो बाइकों पर चार युवक आते दिखे। रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश अमन उर्फ रितिक और जावेद के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी आशीष उर्फ सोमू और अंशू को भी मौके से पकड़ लिया गया।
शराब पीने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में चारों ने जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन सभी ने मिलकर पहले शराब पी और फिर संकित की दुकान पर पहुंचे। वहां अंशू पहले से मौजूद था। इसी दौरान अमन और संकित के बीच 'कौन बड़ा गुंडा है' इस बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि चारों ने मिलकर संकित को सबक सिखाने की ठान ली।
सुनसान रास्ते पर ले जाकर मारी गोली
आरोपियों ने संकित को शराब पार्टी का झांसा देकर मोहनपुर पंचायत घर से आगे सुनसान रास्ते पर बुलाया। वहां अमन ने अपने घर से लाया तमंचा निकालकर उसके सीने में गोली मार दी। बाकी तीनों ने उसे पकड़ रखा था। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस की सक्रियता से उन्हें 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और दो बाइक बरामद की गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, उपचार के बाद चारों को जेल भेज दिया गया है।
"शराब के नशे में कहासुनी के बाद दोस्तों ने मिलकर संकित की हत्या कर दी। 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दो के पैरों में गोली लगी है, चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है- मानुष पारीक, एसपी सिटी।"