मेधावी बच्चों को मिला सम्मान, स्कूल में गूंजे तालियां
ज़ीनत कॉन्वेंट स्कूल में 98-99 प्रतिशत अंक लाने वाले मेधावी बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
98-99 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र सम्मानित
मेडल और सर्टिफिकेट देकर बढ़ाया उत्साह
स्कूल प्रबंधन ने की शिक्षकों की सराहना
बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना
शाहाबुद्दीन । जन माध्यम
बरेली। मेहनत जब रंग लाती है, तो सिर्फ नंबर नहीं बढ़ते आत्मविश्वास भी आसमान छूने लगता है। ऐसा ही उत्साह ज़ीनत कॉन्वेंट स्कूल में देखने को मिला, जहां मेधावी बच्चों के सम्मान में तालियों की गूंज सुनाई दी।
स्कूल में आयोजित समारोह में एनसी से लेकर कक्षा 8 तक के उन विद्यार्थियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने 98 और 99 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि बच्चों का हौसला बढ़ाना और उन्हें आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करना था।
स्कूल की ओनर ज़ाहिदा बानो ने इस मौके पर स्कूल स्टाफ की जमकर तारीफ की और कहा कि शिक्षकों की मेहनत ही बच्चों की सफलता का आधार होती है। वहीं प्रिंसिपल इरम मुस्तफा ने अपने हाथों से बच्चों को सर्टिफिकेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
वाईस प्रिंसिपल ज़ैनब फातिमा ने मेधावी छात्रों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर महक नाज़ ने शानदार तरीके से किया, जबकि अंशरा और सोनी ने आयोजन में सहयोग किया।
स्कूल के मैनेजर डॉ. क़दीर अहमद ने सभी मेधावी बच्चों को बधाई देते हुए शिक्षकों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को नई दिशा देने का काम करते हैं।
सम्मानित होने वाले छात्रों में हलीमा, मन्नत, गौसिया, सिजरा, मिनशा, मो. अमान, आलिया हुसैन, वैष्णु, अरहान रज़ा, समद, शगुफ्ता, ओवैस और हिफ़्ज़ा शामिल रहे।
अंत में डॉ. क़दीर अहमद ने सभी का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन एक बार फिर यह सवाल छोड़ गया अगर हर बच्चे की मेहनत को इसी तरह पहचाना जाए, तो क्या सफलता की राह और आसान नहीं हो जाएगी?