रज़वी परचम से होगा 108वें उर्स-ए-रज़वी का आगाज़, 6 अगस्त को होगी परचम कुशाई
बरेली में 108वें विश्व विख्यात तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी का शुभारंभ 6 अगस्त को परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा। दरगाह आला हज़रत में उर्स का आधिकारिक पोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
108वें तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी का आगाज़ 6 अगस्त को परचम कुशाई की रस्म से होगा।
दरगाह आला हज़रत में उर्स का आधिकारिक पोस्टर जारी कर देश-विदेश में भेजा गया।
उर्स के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय नातिया मुशायरा और अंतिम दिन कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।
जन माध्यम
बरेली। आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा ख़ान फ़ाज़िले बरेलवी के 108वें विश्व विख्यात तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी का शुभारंभ 6 अगस्त को पारंपरिक परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा। उर्स का आयोजन इस्लामिया मैदान में किया जाएगा, जहां देश-विदेश से लाखों जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को शाम 5 बजे इस्लामिया मैदान स्थित रज़ा गेट पर दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा ख़ान उर्फ सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी उर्फ अहसन मियां तथा देश-विदेश से आए उलेमा की मौजूदगी में रज़वी परचम लहराकर उर्स का विधिवत आगाज़ करेंगे।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह मुख्यालय पर उर्स का आधिकारिक पोस्टर दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने उलेमा की मौजूदगी में जारी किया। इसके बाद पोस्टर को डाक और सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश में अकीदतमंदों तक भेजने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उर्स के दौरान होने वाले सभी कार्यक्रम दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां की सरपरस्ती, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सदारत तथा सय्यद आसिफ मियां की देखरेख में आयोजित किए जाएंगे।
उर्स के पहले दिन इस्लामिया मैदान में अंतरराष्ट्रीय नातिया मुशायरे का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश के शायर अपने कलाम पेश करेंगे। वहीं 8 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 38 मिनट पर आला हज़रत के कुल शरीफ के साथ उर्स का समापन होगा।
उर्स के दौरान हुज्जातुल इस्लाम, मुफ़्ती-ए-आज़म हिन्द और रेहान-ए-मिल्लत के कुल शरीफ की रस्में भी अदा की जाएंगी। इस वर्ष उर्स का पोस्टर उर्दू और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रकाशित किया गया है, जिसमें दरगाह प्रमुख का विशेष पैगाम भी शामिल है।
सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने बताया कि टीटीएस के वालंटियर्स उर्स के दौरान पूरे शहर में जायरीन की सेवा और मार्गदर्शन के लिए तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी वालंटियर्स से समय रहते अपनी जिम्मेदारियां संभालने का आह्वान किया। पोस्टर जारी करने के अवसर पर शहर के उलेमा, दरगाह से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अकीदतमंद उपस्थित रहे।