बहेड़ी में फिर सपा-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला?
बहेड़ी विधानसभा में 2027 चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सपा से अताउर रहमान की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है, जबकि भाजपा में टिकट को लेकर कई नाम चर्चा में हैं।
• बहेड़ी विधानसभा में 2027 चुनाव को लेकर सपा और भाजपा सबसे सक्रिय नजर आ रही हैं।
• सपा से मौजूदा विधायक अताउर रहमान की दावेदारी लगभग तय मानी जा रही है।
• भाजपा में टिकट को लेकर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं, अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है।
इकरार/जन माध्यम
बहेड़ी/बरेली। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। मौजूदा हालात पर नजर डालें तो मुख्य मुकाबला एक बार फिर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। दोनों दल अपने-अपने स्तर पर संगठन और जनसंपर्क को मजबूत करने में जुटे हैं।
समाजवादी पार्टी की बात करें तो मौजूदा विधायक अताउर रहमान को ही पार्टी का उम्मीदवार माना जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह को पराजित किया था। इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने छत्रपाल सिंह को बरेली लोकसभा सीट से मैदान में उतारा और वह सांसद निर्वाचित हुए। ऐसे में भाजपा को बहेड़ी विधानसभा के लिए नया चेहरा तय करना है।
भाजपा में टिकट के कई दावेदार सामने आ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान झारखंड राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री श्रुति गंगवार की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के भीतर एक वर्ग उन्हें संभावित उम्मीदवार के रूप में देख रहा है।
इसके अलावा सांसद छत्रपाल सिंह के भतीजे और दमखोदा ब्लॉक प्रमुख के पति दुष्यंत गंगवार भी मजबूत दावेदारों में गिने जा रहे हैं। उनके अलावा सुनील गंगवार, भूपेंद्र कुर्मी, अमरिंदर सिंह गोल्डी, आसे राम गंगवार, सुरेश गंगवार और अतुल गर्ग के नाम भी चर्चा में हैं।
वहीं अन्य दल भी चुनावी संभावनाएं तलाश रहे हैं। नसीम अहमद के फिर चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाएं हैं, हालांकि उनकी पार्टी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। एआईएमआईएम भी क्षेत्र में उम्मीदवार उतार सकती है। पूर्व चेयरमैन अंजुम रशीद की राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है।
हालांकि चुनाव में अभी समय है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक समीकरणों और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए बहेड़ी विधानसभा में फिलहाल मुकाबला सपा और भाजपा के बीच ही केंद्रित दिखाई दे रहा है। अब सबकी नजर भाजपा के उम्मीदवार चयन पर टिकी हुई है।