लेखा कार्यालय में शिक्षक संघ का प्रदर्शन, लंबित वेतन-एरियर और चयन वेतनमान को लेकर सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बरेली ने लेखा कार्यालय की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। संघ ने लंबित वेतन एरियर, चयन वेतनमान और वेतन भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए 15 दिन में समाधान न होने पर अनशन की चेतावनी दी।
लेखा कार्यालय की कार्यप्रणाली के विरोध में शिक्षक संघ का धरना-प्रदर्शन।
लंबित वेतन एरियर, चयन वेतनमान और वेतन भुगतान में देरी का उठाया मुद्दा।
15 दिन में मांगें पूरी न होने पर अनशन की चेतावनी।
जन माध्यम
बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार के नेतृत्व में लेखा कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर लंबित वेतन एरियर, चयन वेतनमान और वेतन भुगतान से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने लेखा कार्यालय की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने कहा कि लेखा कार्यालय में कई महीनों से शिक्षकों के वेतन एरियर और चयन वेतनमान से जुड़े प्रकरण लंबित हैं। उनका आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया बेहद धीमी है, जिसके कारण लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है और शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
चयन वेतनमान और सर्विस बुक का भी उठाया मुद्दा
जिला मंत्री गिरजेश कुमार ने कहा कि कई ब्लॉकों से समय पर सर्विस बुक भेजे जाने के बावजूद चयन वेतनमान नहीं लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महानिदेशक के ऑनलाइन सर्विस बुक संबंधी निर्देशों के बावजूद ऑफलाइन अभिलेख उपलब्ध होने पर भी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
दस्तावेजों की गोपनीयता और समय पर वेतन भुगतान की मांग
मंडलीय मंत्री रुचि सैनी ने शिक्षकों के गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों द्वारा अभिलेख अनधिकृत रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम तैयारी करने की भी मांग रखी।
15 दिन का अल्टीमेटम
शिक्षक संघ ने ज्ञापन में मांग की कि 30 अप्रैल तक लेखा कार्यालय में प्राप्त सभी वेतन एरियर प्रकरण तथा 15 अप्रैल तक प्राप्त ऐसे सभी चयन वेतनमान के प्रकरण, जिन पर कोई आपत्ति लंबित नहीं है, उनका भुगतान एवं निस्तारण इसी माह किया जाए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक संगठन लेखा कार्यालय पर अनशन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय की होगी।
धरना-प्रदर्शन में जिला कोषाध्यक्ष पुष्कर उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार, जिला संगठन मंत्री अतुल सिंह, गौरव गुप्ता, अरुण गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी आदित्य शर्मा, बिथरी अध्यक्ष अरविंद चौधरी, मंत्री अजय कुमार, मीरगंज अध्यक्ष अमित गंगवार, रामनगर अध्यक्ष सलभ शर्मा, भदपुरा अध्यक्ष सोमपाल गंगवार, दमखोदा अध्यक्ष राजप्रकाश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।