मोहब्बत के पीछे खूनी खेल 

सेथल में 22 वर्षीय युवक मुकेश की हत्या का पर्दाफाश। अवैध रिश्तों के विवाद में पति-पत्नी ने मिलकर रात में खेत ले जाकर मौत दी।

मोहब्बत के पीछे खूनी खेल 
HIGHLIGHTS:

➡️ अवैध संबंधों के विवाद में 22 वर्षीय युवक की खेत में हत्या।
➡️ पति-पत्नी ने रात में बहलाकर युवक को जंगल ले जाकर मारा।
➡️ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद बनाया गया मौत का प्लान।
➡️ महिला ने पहले भी झूठे मुकदमे में युवक से ऐंठे थे लाखों रुपये।
➡️ पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर मोबाइल साक्ष्य बरामद किए।

अवैध रिश्तों की आग में झुलसा 22 वर्षीय युवक, पति पत्नी ने मिलकर रची मौत की साजिश

जन माध्यम 
सेथल।बरेली। सेथल हाफिजगंज क्षेत्र में मुकेश नाम के युवक की मौत शुरू में एक सामान्य हादसा लग रही थी, लेकिन पुलिस की जांच ने इसे अवैध रिश्तों की खौफनाक कहानी में बदल दिया। मंगलवार को पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या का राजफाश करते हुए पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्य किसी फिल्मी क्राइम-थ्रिलर से कम नहीं हैं। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, 5 दिसंबर की सुबह सेथल गांव के गेहूं के खेत में 22 वर्षीय मुकेश की लाश मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। भाई की तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज हुई और जांच की दिशा अवैध संबंधों की ओर मुड़ गई।
आरोपी शानू ने बताया कि उसका निकाह करीब डेढ़ महीने पहले नगमा से हुआ था, लेकिन शादी के पहले से ही नगमा और मुकेश के बीच नाजायज संबंध थे। शादी के बाद भी दोनों रोज फोन पर बात करते और चोरी छिपे मिलते रहे।
4 दिसंबर की रात शानू मेले से लौटा तो उसे घर का दृश्य देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। नगमा और मुकेश एक ही खाट पर आपत्तिजनक हालत में मिले। पहले जमकर कहासुनी हुई, दोनों ने गलती मानने की बात कही, लेकिन पति पत्नी का गुस्सा और अपमान वहीं खत्म नहीं हुआ। रात के अंधेरे में दोनों ने मिलकर मुकेश को खत्म करने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक,आरोपी दंपती मुकेश को बहला फुसलाकर दरगाह के पास जंगल में ले गए। पहले उसके सीने पर हमला किया, फिर मुंह नीचे दबा दिया। जब उसकी सांसें थम गईं तो दोनों घर लौट आए। पूछताछ में नगमा का एक और काला सच सामने आया कि उसने पहले भी एक युवक पर झूठा केस लगाकर  दो लाख रुपये ऐंठे थे। इस बार वह मुकेश से एक लाख रुपये मांग रही थी। वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी की टीम ने जादीपुर फाटक के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।