बहेड़ी बाईपास पर मिनी बैंक संचालक की पीट पीटकर हत्या

बरेली के बहेड़ी बाईपास पर मिनी बैंक संचालक की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या हमलावरों ने पीछा कर बीच सड़क पर किया हमला

बहेड़ी बाईपास पर मिनी बैंक संचालक की पीट पीटकर हत्या
HIGHLIGHTS:

मिनी बैंक संचालक की सरेआम हत्या

लोहे की रॉड से सिर पर किए वार

हमलावरों ने पीछा कर घेरकर हमला किया

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

मुमताज अली। जन माध्यम
बरेली।
रात का सन्नाटा अभी गहराया भी नहीं था कि सड़क पर दौड़ती एक जिंदगी को बेरहमी से रोक दिया गया और देखते ही देखते खुशहाल परिवार मातम में बदल गया।

बहेड़ी बाईपास पर गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब बदमाशों ने मिनी बैंक संचालक सतेंद्र कुमार की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले होटल पर गाली गलौज और मारपीट की और फिर जान बचाकर भाग रहे सतेंद्र का पीछा कर बीच सड़क पर घेर लिया।

जानकारी के अनुसार शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी सतेंद्र कुमार कस्बे में एसबीआई की मिनी ब्रांच और सीएससी सेंटर संचालित करते थे। गुरुवार रात वह काम खत्म कर मोहम्मदपुर चौराहा बाईपास स्थित एक होटल पर खाना खाने पहुंचे थे।

इसी दौरान मोहम्मदपुर गौटिया निवासी अंकित अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर सतेंद्र से विवाद करने लगा। बात बढ़ते ही आरोपियों ने गाली गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हालात बिगड़ते देख सतेंद्र अपनी बाइक से वहां से भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। रोडवेज के पास उन्हें घेर लिया गया और अंकित ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सतेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद एक निजी एंबुलेंस चालक उन्हें तत्काल बरेली के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची घर में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो गई।

पुलिस ने मृतक के भाई सुरेंद्र की तहरीर पर अंकित और उसके दो साथियों के खिलाफ पहले जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे अब हत्या की धारा में बदला जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।