आर्य हॉस्पिटल की नई शुरुआत से क्षेत्र को मिली उम्मीद
सेंथल में नवनिर्मित आर्य हॉस्पिटल का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह गंगवार समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किया आधुनिक सुविधाओं के साथ जनता को समर्पित
कैबिनेट मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा हॉस्पिटल
बेहतर इलाज के लिए अनुभवी डॉक्टरों की टीम
क्षेत्र को मिली नई स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात
सरफराज़ खान। जन माध्यम
बरेली। सेंथल। जब किसी क्षेत्र में बेहतर इलाज की उम्मीद जन्म लेती है तो वह सिर्फ एक इमारत नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी से जुड़ी सबसे बड़ी राहत बन जाती है।

सेंथल में नवनिर्मित आर्य हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने सामूहिक रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान सभी ने हॉस्पिटल को जनता को समर्पित करते हुए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. आर्य के नेतृत्व में यह हॉस्पिटल क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और आने वाले समय में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।
बताया गया कि आर्य हॉस्पिटल पिछले करीब 30 वर्षों से लगातार सेवा भाव के साथ लोगों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करता आ रहा है। अब इसे नए स्थान पर और अधिक आधुनिक रूप में शुरू किया गया है, जहां मरीजों को उन्नत तकनीक और बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
डॉ. आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि नवनिर्मित हॉस्पिटल में अत्याधुनिक उपकरणों के साथ अनुभवी डॉक्टरों की टीम हर समय उपलब्ध रहेगी। मरीजों को बेहतर और सुलभ इलाज देने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा रश्मि पटेल, सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज, जयपाल सिंह, हरि सिंह ढिल्लो, बरखेड़ा विधायक प्रतिनिधि नंद महाराज, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, रवि शंकर गंगवार, नगर पालिका प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हॉस्पिटल के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और उन्हें अब अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद जगी है।