दो सांडों की लड़ाई में युवक की मौत
बरेली के भमोरा क्षेत्र में आपस में लड़ रहे दो सांडों की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
देवचरा जा रहे दो बाइक सवार युवक आपस में लड़ रहे सांडों की चपेट में आए।
हादसे में 22 वर्षीय ओमकार की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय अमन घायल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
जन माध्यम
बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र में आपस में लड़ रहे दो सांडों की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा बदायूं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव चकरपुर निवासी 22 वर्षीय ओमकार पुत्र स्वर्गीय बालकराम शनिवार रात अपने साथी 14 वर्षीय अमन के साथ मोटरसाइकिल से देवचरा जा रहे थे। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार के अनुसार गांव में पड़ोसी के घर बच्चे के नामकरण संस्कार की दावत थी, जिसमें कुछ सामान कम पड़ गया था। इसी सामान को लेने के लिए दोनों देवचरा जा रहे थे।
बताया गया कि बदायूं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने दो सांड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान दोनों सांड मोटरसाइकिल से टकरा गए, जिससे ओमकार और अमन घायल हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए भमोरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने ओमकार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन का उपचार जारी है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि ओमकार के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। वह घर में अकेला रहता था। युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।