रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात महिला का शव मिला

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में धनेटा फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात महिला का शव मिला
HIGHLIGHTS:

धनेटा फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात महिला का शव मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

प्रारंभिक आशंका चलती ट्रेन से गिरने की जताई जा रही है।

जन माध्यम
फतेहगंज पश्चिमी/ बरेली।
थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के धनेटा फाटक के पास गुरुवार दोपहर रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार जन साधारण एक्सप्रेस के गार्ड ने दोपहर करीब 1:30 बजे पोल संख्या 1333/27 और 1333/29 के बीच अप रेलवे लाइन के किनारे महिला का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर रमेश चंद्रा को दी गई, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। महिला ने काले रंग का बुर्का, फूलदार कुर्ता, काली सलवार पहन रखी थी तथा पैरों में बिछिया थी। प्रारंभिक तौर पर उसके मुस्लिम समुदाय से होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस का अनुमान है कि महिला की मौत किसी चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।