घर से बुलाकर ले गए किशोर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आ

बरेली के कैंट क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसके दोस्त और साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

घर से बुलाकर ले गए किशोर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आ
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

घर से बुलाकर ले जाए गए 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

परिजनों ने दोस्त और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जन माध्यम
बरेली।
कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम कांधरपुर निवासी 16 वर्षीय अनमोल कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्त हर्ष और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की बहन पूजा के अनुसार, अनमोल बदायूं रोड स्थित लाल फाटक के पास एक ढाबे पर काम करता था। बुधवार रात वह करीब 10 बजे घर लौटा था। आरोप है कि करीब 11 बजे उसका दोस्त हर्ष टेंपो लेकर घर पहुंचा और उसे अपने साथ बुलाकर ले गया।

परिजनों का दावा है कि घर से निकलते समय अनमोल ने आशंका जताई थी कि "ये लोग मुझे मार देंगे"। बहन का आरोप है कि अनमोल ने यह बात मां को न बताने की कसम भी दिलाई थी।

परिवार के अनुसार, देर रात हर्ष ने अपनी पहचान की एक युवती को फोन कर बताया कि अनमोल का एक्सीडेंट हो गया है और उसकी मौत हो गई। युवती से सूचना मिलने पर परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि अनमोल का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा है।

परिजनों का आरोप है कि हर्ष जिला अस्पताल में अपना गलत मोबाइल नंबर दर्ज कराकर वहां से फरार हो गया। उनका आरोप है कि अनमोल की हत्या की गई है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उधर, कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।